
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। गुलाबपट्टी पंचायत के तेलिया छपरा चौक स्थित एक टावर पर 20 वर्षीय युवती चढ़ गई और अपनी सहेली से शादी कराने की मांग पर अड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अपनी सहेली की शादी किसी अन्य जगह तय होने से नाराज थी। इसी नाराजगी में वह टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। वह लगातार अपनी सहेली से शादी कराने की मांग करती रही।
घटना की सूचना मिलते ही साहेबगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीपीओ सरैया अभिजीत कोर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर युवती से बातचीत की और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया।
पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद युवती शांत हुई और उसे सुरक्षित तरीके से टावर से नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।
पुलिस ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उससे और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


