भागलपुर, 15 सितंबर 2025:अनुमानित तिथि से तीन दिन पहले ही देश से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। रविवार (14 सितंबर) को दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम राजस्थान से लौटते हुए श्रीगंगानगर, नागौर, बाड़मेर और जोधपुर तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 से 10 दिनों में मानसून बिहार से होकर गुजरेगा। ऐसे में संभावना है कि नवरात्रि के दौरान मानसून अपनी वापसी में बारिश कराएगा।
भागलपुर में मौसम का हाल:
रविवार को शहर में सुबह 11 बजे के आसपास रिमझिम फुहार पड़ी, जिससे गर्मी में कमी तो आई, लेकिन बढ़ी हुई आर्द्रता ने उमस से लोगों को परेशान किया। दिन का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को एक से दो चरणों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।


