
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन और CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
8 घंटे तक मोबाइल इंटरनेट रहेगा बंद
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार 23 जुलाई को शाम 4:00 बजे से रात 12:00 बजे तक जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में सभी मोबाइल डेटा सेवाएं बंद रहेंगी। यह आदेश टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 तथा टेलीकम्युनिकेशंस (टेम्पररी सस्पेंशन ऑफ सर्विसेज) रूल्स, 2024 के तहत जारी किया गया है।
हालांकि, आदेश के अनुसार केवल मोबाइल इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होंगी। अन्य दूरसंचार सेवाओं को लेकर अलग से कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
गृह मंत्रालय ने बताई कार्रवाई की वजह
मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव द्वारा उपलब्ध सुरक्षा इनपुट और मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया। आदेश में कहा गया है कि इंटरनेट सेवाओं का अस्थायी निलंबन सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संभावित आपात स्थिति को रोकने और अफवाहों या उकसावे वाली गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से किया गया है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि इस निर्णय को केंद्रीय गृह सचिव की मंजूरी प्राप्त है।
छात्र आंदोलन के बीच लिया गया फैसला
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में छात्र कथित NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि गृह मंत्रालय के आदेश में किसी संगठन का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन इसे मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उठाया गया कदम बताया गया है।
सरकार पर CJP का हमला
उधर, जंतर-मंतर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के मुद्दे पर प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया आने में 34 दिन लग गए और अब भी सरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने से बच रही है।
छात्रों को हिरासत में लेने का आरोप
CJP ने यह भी आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पहुंच रहे और वहां से लौट रहे कई छात्रों को दिल्ली पुलिस बिना उचित कारण हिरासत में ले रही है। संगठन का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और प्रदर्शनकारियों के साथ अनावश्यक सख्ती की जा रही है।
फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, जबकि सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की संभावनाएं भी बनी हुई हैं।


