
अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमलों के बीच मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। इसी बीच ओमान की खाड़ी में खड़े तेल टैंकर Skylight (IMO-9330020) पर 1 मार्च 2026 को मिसाइल हमला हुआ। इस हमले के बाद जहाज के कप्तान, बिहार के बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार लापता हो गए हैं।
हमले के बाद तीन लोग लापता
जानकारी के अनुसार, जहाज खासब तट के पास बंकर पर खड़ा था। हमले के बाद चालक दल के अधिकांश सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन कप्तान आशीष कुमार समेत तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। जहाज पर कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें से 17 का पता चल चुका है।
परिवार ने भारतीय दूतावास ओमान से संपर्क किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस सूचना नहीं मिली है।

22 फरवरी को ज्वाइन किया था टैंकर
कैप्टन आशीष कुमार के भाई आकाश कुमार ने बताया कि उन्होंने 20 जनवरी 2026 को मर्चेंट नेवी ज्वाइन की थी। 22 फरवरी को उन्होंने ओमान जाने वाले तेल टैंकर Skylight पर बतौर कप्तान कार्यभार संभाला था।
परिवार को सोशल मीडिया के जरिए हमले की जानकारी मिली, जिसके बाद एंबेसी से संपर्क किया गया। तब पता चला कि जिस टैंकर पर हमला हुआ, उसी पर आशीष कुमार तैनात थे।
टैंकर में अब भी लगी है आग
डॉ. संजय जायसवाल, बीजेपी सांसद (बेतिया) ने बताया कि वे ओमान प्रशासन और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से लगातार संपर्क में हैं। टैंकर में अब भी आग लगी होने के कारण अंदर प्रवेश कर सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावास 24 घंटे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

कैप्टन आशीष कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनके पिता अशोक कुमार पेशे से वकील हैं। मां सुनीता देवी गृहिणी हैं। पत्नी अंशु कुमारी और पांच वर्षीय बेटा दक्ष बेसब्री से उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
परिवार ने सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बेटे को सुरक्षित स्वदेश लाया जाए। घर के दरवाजे पर टिकी निगाहें अब भी किसी चमत्कार की आस लगाए हुए हैं।
मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव
इजराइल-ईरान संघर्ष का यह चौथा दिन बताया जा रहा है। क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ने से तेल आपूर्ति, हवाई यातायात और वैश्विक बाजारों पर असर पड़ा है।
फिलहाल कैप्टन आशीष कुमार और अन्य लापता सदस्यों की तलाश जारी है। परिवार और प्रशासन दोनों को सकारात्मक खबर का इंतजार है।


