शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री ले रहे थे शपथ, राष्ट्रपति भवन में पीछे टहल रहा था तेंदुआ!

देश में तीसरी बार मोदी सरकार बन गई है। रविवार को राष्ट्रपति भवन में नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान 71 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में हुआ। इस समारोह का एक रहस्यमयी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शपथ वाले मंच के पीछे एक जानवर टहलता हुआ दिख रहा है। जानवर कुछ सेकेंड तक राष्ट्रपति भवन में दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। इतनी हाई सिक्योरिटी वाले राष्ट्रपति भवन में आखिर ये जानवर कहां से आया? इस सवाल का हर कोई जवाब जानना चाह रहा है।

क्या है वायरल वीडियो में?

पीएम मोदी के बाद एक-एक कर सभी मंत्रियों ने शपथ ली। जब बीजेपी सांसद दुर्गा दास उइके ने शपथ ली, तभी मंच के पीछे राष्ट्रपति भवन बिल्डिंग के भीतर एक जानवर चहलकदमी करता दिखाई दिया। इसके अलावा जब सांसद अजय टमटा शपथ ले रहे थे, तब भी जानवर की झलक देखने को मिली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान किसी की नजर इस पर नहीं पड़ी। लेकिन जब ये वीडियो सामने आया, तो सब हैरान रह गए। लोग सोशल मीडिया पर जमकर शपथ ग्रहण का वीडियो शेयर कर रहे हैं और जानवर की सच्चाई जानने के लिए उत्सुक हैं।

कोई बिल्ली तो कोई बता रहा तेंदुआ

वीडियो देखकर लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि ये पालतू तेंदुआ है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ये बिल्ली है, जिसकी परछाई बड़ी दिख रही है। लेकिन राष्ट्रपति भवन में इतनी सुरक्षा के बीच जानवर दिखना लोगों को जरूर हैरान कर रहा है। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया कि वीडियो में दिख रहा जानवर क्या है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकता है। राष्ट्रपति भवन के चैनल पर वीडियो के 2 घंटे 46 मिनट 29 सेंकंड के बाद आप वायरल हो रहे वीडियो का हिस्सा देख सकते हैं। इससे ये साबित होता है कि ये वीडियो फेक नहीं है।

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *