
पटना, 19 जुलाई 2025।बिहार सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में शनिवार को ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि वर्ष 2025-26 के तहत चयनित योजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जिन योजनाओं का टेंडर हो चुका है, उनका निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और समय-सीमा के भीतर कार्य पूरे किए जाएं।
सड़क और पुल निर्माण में अब तक की उपलब्धियाँ
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक विभिन्न योजनाओं के तहत
- 1,41,812 किलोमीटर सड़कों और
- 3,847 पुलों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इनमें से - 1,18,886 किलोमीटर सड़कों और
- 2,201 पुलों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है।
प्रगति यात्रा घोषणाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा 2024-25 के दौरान की गई घोषणाओं की समीक्षा भी की गई। मंत्री चौधरी ने कहा कि इन घोषणाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और सभी स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित हो।
उन्होंने निर्देश दिया कि
- मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष),
- मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना और
- ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत सभी स्वीकृत पथों पर
20 अगस्त तक कार्य प्रारंभ हो जाना चाहिए।
इसके अलावा, सभी ग्रामीण पथों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश भी दिया गया।
निरंतर अनुश्रवण का निर्देश
मंत्री ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को सतत अनुश्रवण करने का निर्देश दिया ताकि जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
समीक्षा बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह,
अभियंता प्रमुख-सह-अपर आयुक्त निर्मल कुमार,
मुख्य अभियंता मो. सुल्तान अहमद,
विशेष सचिव मनोज कुमार,
मुख्य अभियंता-1 राम मनोहर ठाकुर सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
साथ ही, वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों से अधीक्षण अभियंता बैठक में शामिल हुए।


