गोपालगंज में खनन निरीक्षक पुलिस हिरासत से फरार, प्रशासन में हड़कंप

गोपालगंज के यादोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम गंडक नदी के अवैध बालू खनन के मामले में गिरफ्तार खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक पुलिस हिरासत से फरार हो गए। घटना के बाद जिले में प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया है।

जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिला खनिज विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने खनन निरीक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने में रखा गया था, लेकिन रात के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

जिलाधिकारी सिन्हा ने कहा, “शुक्रवार को बालू घाटों का निरीक्षण किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस कार्रवाई में खनन निरीक्षक की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।”

गोपालगंज में फिलहाल किसी भी घाट के लिए वैध बालू खनन टेंडर नहीं हुआ है, लेकिन लंबे समय से अवैध उठाव जारी था। डीएम ने इसके पहले उच्चस्तरीय बैठक कर सभी अधिकारियों को घाटों की सघन जांच के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कई टीमें फरार खनन निरीक्षक की तलाश में लगी हैं और सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है।


 

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…