मिडिल ईस्ट तनाव का असर: पटना में LPG संकट गहराया, 1.63 लाख के पार पहुंचा बैकलॉग

पटना: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब देश के घरेलू गैस सप्लाई पर साफ दिखने लगा है। राजधानी पटना में एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई लोगों को नंबर लगाने के बाद भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

सप्लाई चेन पूरी तरह चरमराई

पहले जहां गैस सिलेंडर बुकिंग के 2-3 दिनों के भीतर मिल जाता था, वहीं अब उपभोक्ताओं को 10 दिनों से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जो संकट की गंभीरता को दर्शाती हैं। यह समस्या केवल पटना तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के कई जिलों से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं।

संकट पर सरकार सख्त, मुख्य सचिव एक्शन मोड में

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप (CMG) की आपात बैठक बुलाई। उन्होंने तेल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों की परेशानी हर हाल में दूर की जाए और लंबित गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि तय समयसीमा पूरी नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

PNG कनेक्शन बढ़ाने पर जोर

भविष्य में ऐसे संकट से बचने के लिए सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शनों के विस्तार पर जोर दे रही है। इसके तहत ITI छात्रों और प्लंबरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक घरों तक पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाई जा सके और सिलेंडर पर निर्भरता कम हो।

घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर सख्ती

प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को पटना के 16 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 6 गैस एजेंसियां जांच के दायरे में आईं। इस दौरान दो होटलों के खिलाफ अवैध उपयोग के मामले में एफआईआर दर्ज की गई। अब तक कुल 22 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और 121 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

मांग ज्यादा, सप्लाई बेहद कम

आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल को पटना में गैस सिलेंडरों का बैकलॉग 1.42 लाख था, जो 6 अप्रैल तक बढ़कर 1.63 लाख के पार पहुंच गया। सोमवार को 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई, लेकिन सप्लाई बेहद सीमित रही। इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से एक भी सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो सकी, जबकि भारत पेट्रोलियम से केवल 6,736 सिलेंडर ही उपलब्ध हो पाए।

इसके अलावा आरा के गिद्धा बॉटलिंग प्लांट में साप्ताहिक अवकाश के कारण सप्लाई और प्रभावित हुई। प्रशासन का कहना है कि हालात को सामान्य करने के लिए लगातार निगरानी और प्रयास जारी हैं।

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…