श्राद्ध भोज खाने गया था मृतक, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर/कहलगांव।एनटीपीसी थाना क्षेत्र के भगलपुरा गांव में गुरुवार की देर रात एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मृत्युंजय कुमार ठाकुर (45 वर्ष), निवासी ब्रह्मचारी गांव, थाना कहलगांव, के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृत्युंजय अपने दोस्त मिथुन यादव के पिता के श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए भगलपुरा गया था। भोज खाने के बाद अचानक उसके सीने में दर्द उठा और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।
हालांकि मृतक की पत्नी गौतमी देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि उनके पति की हत्या मिथुन यादव और उसके परिजनों ने मिलकर की है।
सूचना मिलते ही एनटीपीसी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर शाम तक फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुँच गई और सबूत जुटाने में लगी रही। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी।
पुलिस ने बताया कि शव संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृत्युंजय एनटीपीसी में एक ठेकेदार के अधीन सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे और तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


