
पटना। राजधानी के कंकड़बाग इलाके में शिवाजी पार्क के पास एक मकान और दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। देर रात लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही शहर के कई फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में दुकान और फ्लैट का लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया।
दमकल विभाग के अनुसार आग बुझाने के लिए कंकड़बाग, लोदीपुर, सचिवालय, फुलवारीशरीफ और पटना सिटी फायर स्टेशन से कुल 13 दमकल गाड़ियां और 2 हाइड्रोलिक यूनिट भेजी गईं।
दुकान से शुरू हुई आग, ऊपर के फ्लैट तक पहुंची लपटें
जानकारी के मुताबिक ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कस्टम शॉप में आग लगी, जिसने कुछ ही देर में तेज रूप ले लिया। आग की लपटें तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गईं और दूसरी व तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए। मकान मालकिन पुष्पा देवी के फ्लैट का भी भारी नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि सीढ़ियों से नीचे उतरना मुश्किल हो गया। फ्लैट में फंसे लोगों ने बगल की बिल्डिंग के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
हाइड्रोलिक गाड़ी में आई तकनीकी दिक्कत
मौके पर पहुंची हाइड्रोलिक फायर यूनिट को शुरू करने में शुरुआती दिक्कत आई, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। बाद में दूसरी यूनिट सक्रिय कर ऊपर की मंजिलों पर पानी डाला गया, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आई।
दुकान बंद कर घर पहुंचे थे मालिक, तभी मिली सूचना
दुकान संचालक अजय गुप्ता ने बताया कि वे रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर अगमकुआं स्थित घर पहुंचे थे। कुछ देर बाद आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे लौटे, तब तक आग पूरी दुकान को चपेट में ले चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और कूलिंग का काम कराया गया। पुलिस और फायर विभाग की टीम नुकसान का आकलन और कारणों की जांच कर रही है।


