बिहार में मौसम का बड़ा अलर्ट: 15 से 17 मार्च तक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे को बताया अहम, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में जहां दिन के समय तेज धूप और गर्मी महसूस की जा रही है, वहीं रात होते-होते मौसम अचानक करवट ले रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 15 से 17 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मार्च में ही बढ़ने लगी गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि मार्च के महीने में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। गुरुवार को भी कई जिलों में चुभने वाली धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।

सीमांचल में बदला मौसम का मिजाज

गुरुवार देर रात सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। पूर्णिया, अररिया और किशनगंज समेत कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में भी ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मार्च से मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। कई जिलों में तेज हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इसके साथ ही मेघगर्जन और बारिश की स्थिति बन सकती है। 16 मार्च को पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का प्रभाव ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।

15 से 17 मार्च के बीच इन जिलों में बारिश की संभावना

15 मार्च को सीमांचल क्षेत्र के पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल और कटिहार के साथ पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

16 मार्च को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर, जमुई, पूर्णिया और किशनगंज समेत पूर्वी बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

वहीं 17 मार्च को उत्तर बिहार के जिलों में मौसम का असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, पश्चिम चंपारण और पूर्णिया समेत करीब 19 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ अन्य जिलों में मौसम सामान्य बना रह सकता है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। तेज आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की भी हिदायत दी गई है।

  • Related Posts

    बिहार में राजस्व कर्मियों की हड़ताल के बीच सरकार की नई व्यवस्था, जमीन से जुड़े काम नहीं होंगे प्रभावित

    Share Add as a preferred…

    Continue reading