
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अमन कुमार मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। यह एनकाउंटर वैशाली और समस्तीपुर की सीमा पर स्थित बंगरा थाना क्षेत्र के बलीगांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम को अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में अमन कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी भागने की कोशिश में गिरकर घायल हो गया। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाल ही में जेल से छूटा था अमन
समस्तीपुर सदर डीएसपी ने बताया कि अमन कुमार एक पेशेवर अपराधी है और हाल ही में जेल से बाहर आया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है।
गिरफ्तार अमन कुमार चकहैसी थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि उसका साथी लक्ष्मी मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क, आपराधिक गतिविधियों और संभावित वारदातों की जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं।
लगातार हो रही कार्रवाई
हाल के दिनों में बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इससे पहले सीतामढ़ी में सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपये की लूट के आरोपी को भी मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने कुल छह अपराधियों को दबोचा था।
समस्तीपुर में हुई यह कार्रवाई भी राज्य में अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।


