रोहतास में पुलिस ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा! 16 KM दौड़ में 11 महिला प्रशिक्षु सिपाही बेहोश, 4 की हालत गंभीर

बिहार के रोहतास जिले में पुलिस प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। डेहरी स्थित बीएसएपी-2 प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान 11 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे एक-एक कर ट्रैक पर बेहोश होकर गिरने लगीं। घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।

सभी महिला प्रशिक्षुओं को तत्काल इलाज के लिए डेहरी ऑन सोन अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से बीमार चार महिला प्रशिक्षुओं को बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज कर उन्हें वापस कैंप भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार बीएसएपी-2 में नई चयनित महिला जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है। इसी क्रम में रविवार को 16 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई थी। दौड़ के दौरान तेज धूप और उमस के कारण कई प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 11 महिला जवान बेहोश होकर ट्रैक पर गिर गईं।

डॉक्टरों के अनुसार हीट वेव और अत्यधिक शारीरिक परिश्रम के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। कई प्रशिक्षु सिपाहियों ने सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत की। कुछ का ऑक्सीजन स्तर भी प्रभावित पाया गया।

डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक प्रणव भारती ने बताया कि 11 से अधिक महिला प्रशिक्षु जवानों को अस्पताल लाया गया था। जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती प्रशिक्षुओं में मुजफ्फरपुर की श्यामली कुमारी, बेतिया की विनीता कुमारी और लखीसराय की सोनम कुमारी शामिल हैं। वहीं एक अन्य महिला प्रशिक्षु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार अस्पताल पहुंचे और बीमार प्रशिक्षुओं का हालचाल लिया। उन्होंने कहा कि सभी महिला प्रशिक्षुओं का इलाज जारी है और फिलहाल किसी के जीवन को खतरा नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी इसी प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर दौड़ के दौरान कई पुरुष प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई थी। उनमें से एक जवान की इलाज के दौरान पटना एम्स में मौत हो गई थी। ऐसे में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने भीषण गर्मी के बीच प्रशिक्षण व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में बड़ी कार्रवाई: सनोखर थाना पुलिस ने 133.125 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    बिहार की तीन पारंपरिक कलाओं को मिला GI टैग, सांस्कृतिक विरासत को मिली वैश्विक पहचान

    Share Add as a preferred…