हाजीपुर / वैशाली, 10 अक्टूबर 2025:बिहार पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली जिले में एक तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 296 ग्राम स्मैक (जिसकी अनुमानित कीमत करीब 59 लाख 20 हजार रुपये) और 2.65 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के गांधी सेतु पाया नंबर-06 के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कुछ लोग यहां मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद अनु. पु. पदाधिकारी (सदर), हाजीपुर के नेतृत्व में दंडाधिकारी, स्थानीय पुलिस और सीएपीएफ टीम ने संयुक्त छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चंदन कुमार, निवासी सैदपुर, थाना गंगाब्रिज, जिला वैशाली को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से व्यावसायिक मात्रा में स्मैक और नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ का बाजार मूल्य करीब 59 लाख 20 हजार रुपये है। इस संबंध में गंगाब्रिज थाना कांड संख्या 164/25 दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई बिहार पुलिस की नशे के विरुद्ध चल रही “ऑपरेशन क्लीन” मुहिम के तहत की गई है। पुलिस अब तस्कर के नेटवर्क और सप्लाई चैन की पड़ताल कर रही है।
प्रशासन का कहना है कि चुनावी माहौल में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग और छापेमारी बढ़ाई गई है।


