सीवान। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सीवान जिले में बड़ी कार्रवाई की है। सिसवन थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर कन्हैया सिंह को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पटना से आई निगरानी टीम ने सिसवन थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक स्थित एक चाय दुकान पर की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी एसआई पर जमीनी विवाद से जुड़े एक मारपीट मामले में केस से नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया।
ट्रैप लगाकर की गई गिरफ्तारी
मंगलवार को जैसे ही एसआई कन्हैया सिंह ने तय रकम 40 हजार रुपये ली, वैसे ही निगरानी टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया। चाय दुकान पर हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर पटना मुख्यालय रवाना हो गई, जहां उससे पूछताछ की जाएगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निगरानी ने कार्रवाई की पुष्टि की
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत सही पाई गई थी। ट्रैप के दौरान आरोपी एसआई को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद सीवान जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। निगरानी ब्यूरो ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी पदों पर रहते हुए भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।
फिलहाल निगरानी टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी एसआई ने इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियों को अंजाम तो नहीं दिया था।


