IGIMS में एमबीबीएस परीक्षा घोटाले पर बड़ा एक्शन: पूरक परीक्षा रद्द, 7 छात्रों समेत कर्मियों को नोटिस

पटना स्थित IGIMS (इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान) में एमबीबीएस परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सोमवार को संस्थान ने एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया। इसके साथ ही परीक्षा विभाग के सभी कर्मियों और सात छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संबंधित छात्रों से जवाब मांगा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संस्थान प्रशासन ने परीक्षा विभाग में व्यापक बदलाव किए हैं। प्रो. अंजू सिंह, डॉ. विनोद कुमार और डॉ. सरिता मिश्रा को सब डीन (परीक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं परीक्षा विभाग के अन्य सभी कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की यह पूरक परीक्षा दिसंबर 2025 में आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 130 छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद एक अज्ञात ईमेल के जरिए गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर अप्रैल के पहले सप्ताह में जांच कमेटी गठित की गई थी।

डीन (अकादमिक) डॉ. ओम कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई, जिसमें डॉ. विभूति सिन्हा, प्रफुल्ल रंजन और रजिस्ट्रार डॉ. सर्वेश शामिल थे। टीम ने अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है, हालांकि इसे अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

जांच रिपोर्ट में संकेत मिला है कि परीक्षा पूरी तरह कदाचार मुक्त नहीं थी। उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्न पत्रों से छेड़छाड़ की आशंका जताई गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि उत्तर पुस्तिका में तीन स्थानों पर किए गए हस्ताक्षरों में असमानता पाई गई। कुछ छात्रों की कॉपियों में आगे और पीछे के हस्ताक्षर समान थे, जबकि बीच के पन्नों पर हस्ताक्षर अलग पाए गए, जिससे गड़बड़ी का संदेह और गहरा गया है।

संस्थान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आगे और कदम उठाए जाएंगे।

  • ये भी पढ़े..

    असम विमान हादसे में भोजपुर का लाल दानिश आलम शहीद, इकलौते बेटे की शहादत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    Share Add as a preferred…

    दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर सस्पेंस खत्म! उपेंद्र कुशवाहा बोले- पूरा कार्यकाल करेंगे, पद पर कोई खतरा नहीं

    Share Add as a preferred…