भागलपुर | सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। नवादा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब और हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से इलाके में शराब तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
डीएसपी नवनीत कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नवादा गांव निवासी मनी कुमार उर्फ सिट्टु यादव के घर पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, और भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली।
बरामद सामग्री में शामिल:
- 12 बोतल ब्लेंडर फुल (9 लीटर)
- 17 बोतल आरएस हाफ (6.375 लीटर)
- 40 पीस मैजिक मोमेंट हाफ (15 लीटर)
- एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस
कुल मिलाकर 30 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई है, जिसे अवैध रूप से बेचने की तैयारी चल रही थी।
छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, प्रणव कुमार, सिपाही विरेंद्र कुमार, राज कुमार सहित अन्य बीएचजी जवान शामिल थे।
इलाके में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवादा गांव लंबे समय से शराब और अवैध हथियार तस्करी का अड्डा बना हुआ था। पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में कानून व्यवस्था के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पीछे कौन-कौन लोग और नेटवर्क सक्रिय हैं।


