बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के खबरा स्थित विजय इन्क्लेव अपार्टमेंट में डीएसपी के फ्लैट में काम करने वाली एक महिला की लिफ्ट में गिरकर मौत हो गई। यह दुर्घटना लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई।
डीएसपी के फ्लैट में करती थीं काम
मृतका की पहचान दरभंगा जिले के अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी पुनीता देवी (55) के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर में डीएसपी अभिजीत अल्केश के फ्लैट में घरेलू काम करती थीं। डीएसपी फिलहाल पटना में तैनात हैं, जबकि उनके मुजफ्फरपुर स्थित फ्लैट में परिवार के सदस्य रहते हैं।
50 फीट नीचे गिरने से हुई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनीता देवी किसी घरेलू काम से अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर गई थीं। लौटते समय उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि लिफ्ट की केबिन पांचवीं मंजिल पर मौजूद नहीं है। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट पहली मंजिल पर रुकी हुई थी। जैसे ही महिला ने लिफ्ट का शटर खोला और अंदर कदम बढ़ाया, वह करीब 50 फीट नीचे गिर गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
तेज आवाज सुनकर अपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर खून फैला हुआ था और महिला गंभीर हालत में पड़ी थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
“लिफ्ट में तकनीकी खराबी थी। शटर खुल जाने के कारण महिला को भ्रम हुआ कि लिफ्ट मौजूद है। अंदर कदम रखते ही वह नीचे गिर गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है और सभी पहलुओं से मामले की छानबीन की जा रही है।”
— विनीता सिन्हा, एसडीपीओ नगर-2
घटना के समय डीएसपी नहीं थे मौजूद
पुलिस के अनुसार, घटना के समय डीएसपी अभिजीत अल्केश फ्लैट में मौजूद नहीं थे। फ्लैट नंबर 101 में उनके पिता मनोज कुमार सिन्हा और पत्नी मौजूद थीं। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और लिफ्ट में आई तकनीकी खामी की भी पड़ताल की जा रही है।


