
गया/पटना: बिहार के गया जिले में नाबालिग लड़कियों के साथ कथित दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस की लगातार छापेमारी और दबिश के बाद मुख्य आरोपी मोहम्मद रेहान ने पटना के फुलवारी शरीफ थाना में आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी को अब गया लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मोमोज की दुकान की आड़ में रचता था साजिश
पुलिस के अनुसार, गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला मोहम्मद रेहान मोमोज की दुकान चलाता था। आरोप है कि वह नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के लिए पहले उनसे मेलजोल बढ़ाता था, फिर उनके साथ दुष्कर्म करता और पूरी वारदात का वीडियो बनाकर वायरल कर देता था।
पीड़िता के भाई की शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पूरा मामला तब सामने आया जब एक नाबालिग पीड़िता के भाई ने बांकेबाजार थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन एफआईआर की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया।
दिल्ली और प्रयागराज तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए गया पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज सहित कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की।
लगातार बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने आखिरकार पटना के फुलवारी शरीफ थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पटना से गया लाई जा रही पुलिस टीम
आत्मसमर्पण की सूचना मिलने के बाद गया पुलिस की टीम आरोपी को अपनी हिरासत में लेने के लिए पटना रवाना हो गई।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि इस मामले में और कितनी पीड़िताएं हैं तथा क्या इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।
आईजी विकास वैभव बोले— स्पीडी ट्रायल से दिलाएंगे कड़ी सजा
मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में लगातार छापेमारी की गई थी। पुलिस की कार्रवाई से घबराकर उसने पटना में आत्मसमर्पण किया।
उन्होंने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
जांच के दायरे में कई अहम पहलू
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कितनी लड़कियों को निशाना बनाया, कथित वीडियो कैसे बनाए गए और उन्हें किन माध्यमों से प्रसारित किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


