मुजफ्फरपुर। जिले के मड़वन प्रखंड के कोदरिया और बसंत खरौना गांव में लोन गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां करीब 70 ग्रामीणों को बिहार ग्रामीण बैंक, गोबरसही शाखा द्वारा बिना कर्ज लिए ही तीन-तीन लाख रुपये तक चुकाने का नोटिस भेजा गया है। कुल बकाया राशि 1.5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बैंक से कोई लोन नहीं लिया और न ही किसी कागजात पर हस्ताक्षर किए हैं। इतना ही नहीं, बसंत खरौना निवासी भगवानलाल सहनी को उनकी पत्नी के नाम पर लोन चुकाने का नोटिस मिला है, जबकि उनकी अभी शादी भी नहीं हुई।
इस मामले में बैंक प्रबंधक का कहना है कि यह समूह ऋण था। एक व्यक्ति द्वारा लोन की अदायगी न करने पर पूरे समूह पर कर्ज चुकाने की जिम्मेदारी आ जाती है।
हालांकि, ग्रामीण इस तर्क को मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने इसे धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


