
पश्चिमी चंपारण। योगापट्टी प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय परसा रिफ्यूजी कॉलोनी में तैनात विशिष्ट शिक्षक लालबाबु प्रसाद को बच्चियों से अभद्र भाषा प्रयोग और दुर्व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सोमवार पूर्वाह्न करीब 10:45 बजे बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय परिसर पहुंचे और हंगामा किया। उनका आरोप है कि संबंधित शिक्षक बच्चियों से छेड़छाड़, अश्लील बातें और मारपीट करता था। जब बच्चियों ने इसका विरोध किया तो उन्हें डराने-धमकाने की भी कोशिश की गई।
इस मामले में जिला पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्काल जांच का निर्देश दिया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


