बेतिया। बिहार के बेतिया जिले में जमीन विवाद को लेकर हिंसा भड़क गई। मामला गौनाहा थाना क्षेत्र के मुरली भरहवा गांव का है, जहां दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का वीडियो आया सामने
मारपीट की घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष आमने-सामने होकर एक-दूसरे पर लाठियां बरसा रहे हैं। हिंसा में कई लोगों के सिर फूटने और हाथ-पैर टूटने की सूचना है।
घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

दोनों पक्षों से घायल
एक पक्ष से घायल लोगों में
- शेख आरस
- शेख एनुल्लाह
- शेख साहब
- शेख तबरेज
- परवेज मुशर्रफ
- शेख पैगाम
शामिल हैं।
वहीं दूसरे पक्ष से
- शेख रुस्तम
- शेख मुस्ताक
- शेख इकराम
- शेख इश्खार
के घायल होने की पुष्टि हुई है।
पीड़ित का आरोप
घायल शेख तबरेज ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन पिछले 80 वर्षों से उनके जोत में है और उनके पास इसका करंट रसीद भी मौजूद है।
उन्होंने कहा,
“जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से दूसरे पक्ष द्वारा झगड़ा किया गया। विवादित जमीन हमारे परिवार के पास पिछले 80 साल से है और इसका करंट रसीद मेरे पास मौजूद है।”
पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जांच जारी
गौनाहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मांगे गए हैं।
उन्होंने कहा,
“मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।”


