
शिवहर: बिहार के शिवहर जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। तरियानी थाना क्षेत्र के घुसूकपुर वार्ड संख्या-2 में रविवार को खेत में काम करने गए एक किसान की कथित तौर पर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान घुसूकपुर निवासी स्वर्गीय राम कलेवर राय के 55 वर्षीय पुत्र साहब राय के रूप में हुई है।
खेत में काम करने गए थे किसान
परिजनों के अनुसार, साहब राय का लंबे समय से खेत और जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को वह अपने खेत में बीज उखाड़ने गए थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विरोधी पक्ष ने गमछे से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की पुत्रवधू शोभा देवी ने बताया कि उनके ससुर रोज की तरह खेत में काम करने गए थे, लेकिन पहले से चल रहे जमीन विवाद के कारण उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, गांव में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
जमीन विवाद की दिशा में जांच
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
क्या बोले थानाध्यक्ष?
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण जमीन विवाद लग रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


