सिंगापुर से लौटे लालू यादव का बिहार सरकार पर हमला, बोले- “सब पागल हो गए हैं”; मीसा ने कहा- एक हफ्ते में खाली कर देंगे बंगला

नई दिल्ली/पटना: लालू-राबड़ी आवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार की राजनीति में जारी घमासान के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो Lalu Prasad Yadav सिंगापुर से भारत लौट आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि “ये सब पागल हो गए हैं। हम इनका कोई केयर नहीं करते। जो करना है कर लें।”

सिंगापुर से लौटने के दौरान लालू यादव के साथ उनकी बड़ी बेटी और सांसद Misa Bharti भी मौजूद थीं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों द्वारा सरकारी बंगला खाली कराने और सुरक्षा श्रेणी में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर लालू यादव ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह सब राजनीतिक दुर्भावना और घृणा की राजनीति का हिस्सा है।

एक सप्ताह में खाली होगा सरकारी आवास

वहीं मीसा भारती ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा दिए गए 15 दिनों के समय से पहले ही परिवार सरकारी आवास खाली कर देगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री Rabri Devi एक सप्ताह के भीतर सरकारी बंगला खाली कर देंगी।

मीसा ने कहा, “सरकार निश्चिंत रहे, हम उनके अल्टीमेटम का इंतजार नहीं करेंगे। एक सप्ताह के अंदर आवास खाली कर दिया जाएगा। उसके बाद सरकार उस बंगले का जो चाहे उपयोग करे।”

सुरक्षा वापस करने का ऐलान

लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती के मुद्दे पर भी मीसा भारती ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शायद सरकार को पुलिस बल की ज्यादा जरूरत थी, इसलिए सुरक्षा कम कर दी गई। अब लालू यादव और राबड़ी देवी को किसी विशेष सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा, “लालू जी और राबड़ी देवी जनता के दिलों में बसते हैं। उनकी सुरक्षा जनता करेगी। मुझे भी सांसद होने के नाते सुरक्षाकर्मी मिले हैं, लेकिन मैं भी अपनी सुरक्षा वापस करने जा रही हूं। सरकार चाहे तो उन जवानों का इस्तेमाल कहीं और कर सकती है।”

सरकार की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल

मीसा भारती ने केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है, विभिन्न परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार जनता के मुद्दों की बजाय सुरक्षा और सरकारी आवास जैसे मामलों में ज्यादा रुचि दिखा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में बिहार सरकार ने सुरक्षा समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को मिली विशेष सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किया था। इसके साथ ही 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कराने को लेकर भी राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इसी मुद्दे पर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार को जल्द मिलेगी नई रफ्तार: जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा होगा कच्ची दरगाह–बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल, गांधी सेतु का घटेगा दबाव

    Share Add as a preferred…

    12 घंटे में दो लाख रुपये ऋण का वादा, सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी कर फर्जी फाइनेंस कंपनी फरार

    Share Add as a preferred…