बेगूसराय में गंदगी पर गरजे DM और बोगो सिंह, नगर निगम पर चौतरफा घेराबंदी

बेगूसराय: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री का शहर भ्रमण नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर गया। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने साइकिल से निकले डीएम को जगह-जगह फैली गंदगी, खुले नाले, जाम ड्रेनेज सिस्टम, कचरे के ढेर और दुर्गंध भरा माहौल देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान गांधी स्टेडियम परिसर की बदहाल स्थिति देखकर जिलाधिकारी का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही नगर आयुक्त को फोन कर कड़ी फटकार लगाई।

विश्व साइकिल दिवस के मौके पर डीएम श्रीकांत शास्त्री ने साइकिल से करीब पांच किलोमीटर तक शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, जलनिकासी और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर खुले नाले, जाम नालियां और कचरे के ढेर देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान गांधी स्टेडियम परिसर की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक मिली। स्टेडियम परिसर में भवनों के आसपास भारी मात्रा में कचरा जमा था और दुर्गंध से लोगों का वहां रुकना मुश्किल हो रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिसर में बना ओपन जिम शौचालय की सेप्टिक टंकी के ऊपर स्थित है, जिसके कारण वहां लगातार बदबू बनी रहती है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने नगर आयुक्त को फोन कर कहा, “मैं गांधी स्टेडियम में खड़ा हूं। यहां भारी मात्रा में कचरा जमा है। पूरे शहर का भ्रमण किया हूं, हर जगह बदबू आ रही है। खुले नाले पड़े हुए हैं। आखिर यह कैसी व्यवस्था है? क्या आप कभी शहर घूमते नहीं हैं?”

उन्होंने आगे कहा, “पूरा शहर गंदगी से जूझ रहा है। जहां देखिए वहीं कचरा फैला हुआ है। नगर निगम आखिर कर क्या रहा है? यह जनता के साथ मजाक है।”

सूत्रों के अनुसार डीएम ने नगर आयुक्त को तत्काल गांधी स्टेडियम पहुंचने का निर्देश दिया और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत भी दिए। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया।

इस बीच नगर निगम की कार्यशैली को लेकर मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह भी खुलकर सामने आए। उन्होंने कहा कि बेगूसराय नगर निगम को बिहार में “नरक निगम” के नाम से नहीं जाना जाना चाहिए।

बोगो सिंह ने कहा कि नगर निगम की बैठकों और दिशा समिति की बैठकों में वे पहले भी सफाई, जलनिकासी और नागरिक सुविधाओं का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो 15 जून के बाद नगर निगम क्षेत्र में हालात और खराब हो सकते हैं।

विधायक ने बुडको द्वारा कराए गए सड़क और सीवरेज निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और कई परियोजनाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करनी होगी।

फिलहाल जिलाधिकारी की सख्ती और जनप्रतिनिधियों के तीखे तेवरों के बाद नगर निगम की कार्यशैली एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासनिक फटकार के बाद नगर निगम सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए कितनी तेजी से कदम उठाता है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार को जल्द मिलेगी नई रफ्तार: जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा होगा कच्ची दरगाह–बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल, गांधी सेतु का घटेगा दबाव

    Share Add as a preferred…

    12 घंटे में दो लाख रुपये ऋण का वादा, सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी कर फर्जी फाइनेंस कंपनी फरार

    Share Add as a preferred…