
पटना के चर्चित शिक्षाविद् खान सर शनिवार को लाइव क्लास के दौरान बेहद भावुक हो गए। NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद और अभ्यर्थी रितिक मिश्रा की मौत का जिक्र करते हुए वह मंच पर ही रो पड़े। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के तौर पर आज वह खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
खान सर ने कहा,
“आज एक शिक्षक अपने मंच पर असहाय महसूस कर रहा है। आज आपको देने के लिए हमारे पास कुछ नहीं बचता है।”
उन्होंने NEET पेपर लीक मामले को केवल परीक्षा विवाद नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेते हैं, मेहनत करते हैं और ऐसे में परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठना सबसे बड़ा अन्याय है।
लाइव क्लास के दौरान खान सर कई बार भावुक हुए। उन्होंने कहा कि आज शिक्षक बच्चों को केवल धैर्य रखने की सलाह दे पा रहे हैं, लेकिन उनके पास समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा,
“शायद इस देश में बच्चों से खिलवाड़ करने वाले लोग कभी समझेंगे कि गरीब का दर्द क्या होता है। कोई ठेला लगाने वाला, कोई सब्जी बेचने वाला भी अपने बच्चे को डॉक्टर बनाना चाहता है।”
खान सर ने उन छात्राओं और छात्रों का भी जिक्र किया, जो डॉक्टर बनने का सपना लेकर तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने और विवादों के कारण कई छात्रों के सपने टूट जाते हैं और इसका असर जिंदगी भर रहता है।
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर दी। अब दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। वहीं मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है।


