
फर्जी पत्रों से भ्रम फैलाने का आरोप, मुख्यमंत्री से मांगों को लेकर जल्द पहल की उम्मीद
भागलपुर, भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत शिवनंदनपुर गांव में बिहार ग्राम रक्षा दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर कुमार यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष महेश दास मौजूद रहे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्राम रक्षा दल के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, खासकर हाल के दिनों में कुछ अन्य संगठनों द्वारा ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को गुमराह करने के आरोप पर गंभीर मंथन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष शंकर कुमार यादव ने कहा कि कुछ लोग फर्जी और भ्रामक पत्र दिखाकर सदस्यों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे संगठन की एकता और दिशा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने साफ तौर पर सदस्यों से अपील की कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक सूचना या पत्र पर भरोसा न करें और केवल अधिकृत एवं आधिकारिक जानकारी पर ही ध्यान दें। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्तर पर संगठन की मांगों को लेकर सकारात्मक पहल की उम्मीद है और जल्द ही इस दिशा में ठोस घोषणा हो सकती है।
मुख्य अतिथि महेश दास ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन की जायज मांगों पर विचार किया जाएगा और समाधान की दिशा में प्रयास जारी हैं।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, सदस्यों की एकजुटता और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाह से बचते हुए संगठन को और मजबूत बनाना ही प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए।
इस मौके पर प्रदेश महिला संगठन मंत्री रूपम कुमारी, प्रदेश सचिव गोपाल कुमार, अररिया जिला संगठन मंत्री चंदन कुमार, बेगूसराय जिला सचिव राकेश कुमार समेत कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
फिलहाल, इस बैठक के जरिए संगठन ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि वह किसी भी तरह की भ्रामक गतिविधियों के खिलाफ एकजुट है और अपने अधिकारों के लिए संगठित रूप से आगे बढ़ेगा।


