कहलगांव: युवक के सवाल पर भड़के भाजपा विधायक पवन यादव, धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा का वीडियो वायरल

भागलपुर।कहलगांव से भाजपा विधायक पवन यादव एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक युवक के सवाल पर आपा खोते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में दिख रहा है कि इलाके में विकास योजनाओं को लेकर युवक ने विधायक से सीधा सवाल कर दिया। सवाल सुनते ही विधायक पवन यादव अचानक नाराज़ हो उठे और युवक से धक्का-मुक्की करने के साथ अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को किसी तरह संभाला।

इस पूरे प्रकरण को लेकर अभी तक विधायक पवन यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक हलकों में गर्मा गया है। विपक्षी दल इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर हमलावर हो सकते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछना आम नागरिक का अधिकार है, लेकिन इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ है। अब देखना यह होगा कि भाजपा विधायक इस विवाद पर सफाई देते हैं या नहीं।


 

  • ये भी पढ़े..