बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत प्रचार अभियान बुधवार को थमने से कुछ ही समय पहले गयाजी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का रोड शो जबरदस्त उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उनके रोड शो में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े और जगह-जगह फूल बरसा उनका स्वागत किया गया।
जेपी नड्डा का यह रोड शो विष्णु पथ से शुरू होकर बाटा मोड़ तक पहुंचा और गयाजी शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरा। जैसे ही नड्डा का काफिला आगे बढ़ा, समर्थकों ने जय-जयकार के नारे लगाए, वहीं स्थानीय नागरिक भी सड़क किनारे खड़े होकर उनका अभिवादन करते दिखे।
इससे पहले नड्डा ने आज भोजपुर जिले के बड़हरा में जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने प्रथम चरण के मतदान को लेकर वोटरों से एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की।
रोड शो के दौरान एनडीए प्रत्याशी और बिहार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार सहित गठबंधन के कई उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन की ओर से रोड शो मार्ग पर विशेष निगरानी रखी गई।
गौरतलब है कि बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है, जिसके लिए सभी दल पूरे दमखम के साथ प्रचार में जुटे हुए हैं।


