विशाल जनसभा में गरजे तेजस्वी यादव, बोले – बिहार से बेरोजगारी होगी खत्म, किसानों को मिलेगी मुफ्त बिजली

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का अंतिम दिन मंगलवार को राजनीतिक रैलियों से गरमाया रहा। मधेपुरा जिले में राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जोरदार चुनावी रैली कर परिवर्तन का बिगुल फूंका। उन्होंने बिहारीगंज और आलमनगर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विशाल जनसभा में महागठबंधन प्रत्याशियों के लिए वोट देने की अपील की।

तेजस्वी यादव ने उदाकिशुनगंज स्थित एचएस कॉलेज मैदान में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि अब बिहार में बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने जनता से 20 साल से सत्ता में काबिज सरकार को हटाने की अपील की। तेजस्वी ने दावा किया कि उनकी 17 महीने की सरकार में 5 लाख युवाओं को नौकरी दी गई और मौका मिलने पर वे फिर से बिहार से बेरोजगारी को पूरी तरह खत्म करेंगे।

किसानों को मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹30,000 का वादा

तेजस्वी यादव ने कहा कि किसानों की सिंचाई के लिए बिजली पूरी तरह मुफ्त की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर मकर संक्रांति (14 जनवरी) के दिन ‘माई, बहन, मान योजना’ के तहत सभी महिलाओं के खाते में एकमुश्त ₹30,000 भेजे जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, “मोदी जी फैक्ट्री लगाते हैं गुजरात में और जीत चाहते हैं बिहार में। बिहार के युवाओं को अब रोजगार चाहिए, झूठे वादे नहीं।”

महागठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील

तेजस्वी यादव ने बिहारीगंज से राजद प्रत्याशी रेणु कुमारी कुशवाहा और आलमनगर से नवीन कुमार निषाद के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार सबको साथ लेकर चलेगी। “हिंदू-मुस्लिम सभी को साथ लेकर चलना हमारी सोच है। कोई पीछे नहीं छूटेगा,” तेजस्वी ने कहा।

जनसभा में राजद जिला अध्यक्ष जयकांत यादव, इंजीनियर प्रभाष कुमार समेत महागठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद रहे। जनसभा में बड़ी संख्या में जनता और समर्थक शामिल हुए और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

  • ये भी पढ़े..

    बाबा गरीबनाथ धाम बनेगा काशी विश्वनाथ की तर्ज पर! ₹6.19 करोड़ से कॉरिडोर निर्माण को मंजूरी, श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

    Share Add as a preferred…

    TRE-3 पेपर लीक में बड़ा एक्शन: EOU ने MBBS डॉक्टर को किया गिरफ्तार, संजीव मुखिया गैंग से जुड़े तार, 30 अभ्यर्थियों को होटल ले जाकर कराया था पेपर!

    Share Add as a preferred…