राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह बोले- व्यवस्था परिवर्तन के लिए बना है जन सुराज, सिर्फ सत्ता परिवर्तन हमारा मकसद नहीं
पटना, 10 सितम्बर।शेखपुरा जिले के वरिष्ठ नेता और जेपी सेनानी शिव कुमार आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें पीला गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश महामंत्री किशोर कुमार, पूर्व डीजीपी आरके मिश्रा, विनीता विजय और मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान भी मौजूद रहे।
उदय सिंह बोले- बिहार में बदलाव की आग जली है
पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा—
“आज बिहार में जन सुराज की सबसे ज्यादा चर्चा है। हम केवल सरकार बदलने नहीं आए हैं। हमारी पार्टी सत्ता परिवर्तन से आगे जाकर व्यवस्था परिवर्तन चाहती है।”
प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि हर दल में भ्रष्ट लोग भरे हुए हैं। जन सुराज पार्टी इसी भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
शिव कुमार बोले- पद से नहीं, व्यक्तित्व से नापी जानी चाहिए ऊँचाई
भूमिहार समाज से आने वाले शिव कुमार का लंबा राजनीतिक अनुभव है। 14 वर्ष की उम्र में 1974 के जेपी आंदोलन के दौरान उन्हें 28 माह जेल में रहना पड़ा। वे बरबीघा नगर परिषद के सभापति भी रह चुके हैं और 2015 में रालोसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था।
जन सुराज में शामिल होते हुए शिव कुमार ने कहा—
“जेपी आंदोलन के दौरान हम पर 45 केस किए गए, जिनमें हत्या का झूठा केस भी शामिल था। आज राजनीति में गिरावट की सबसे बड़ी वजह है कि अब लोगों की ऊंचाई उनके व्यक्तित्व से नहीं, पद से नापी जाती है।”
रिटायर्ड जज ओम प्रकाश भी हुए शामिल
कार्यक्रम में रिटायर्ड जज ओम प्रकाश ने भी जन सुराज की सदस्यता ली। उन्होंने कहा—
“न्यायिक सेवा से रिटायर होने के बाद समाज की सेवा की प्रेरणा मिली। लोगों ने जन सुराज से जुड़ने की सलाह दी, इसलिए मैंने इस पार्टी को चुना।”
अन्य नेता भी जुड़े
मिलन समारोह में कई और राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता जन सुराज में शामिल हुए। इनमें प्रो. सच्चिदानंद यादव, अनिल सिंह, संजीत चौधरी, दिनेश शर्मा समेत कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं।
प्रदेश महामंत्री किशोर कुमार ने कहा कि शिव कुमार अपने अनुभव से पार्टी के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।


