भागलपुर, 12 अक्टूबर 2025:लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाईपास के किनारे शनिवार की शाम से रात 10 बजे तक पुलिस ने युवकों और संदिग्ध लोगों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई बाइक चालकों से पूछताछ की गई और गाड़ियों के कागजों में त्रुटि पाए जाने पर चालान भी काटा गया। कई लोग पुलिस को देखकर मौके से भाग गए।
इस अभियान का नेतृत्व विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने किया। उनके साथ लोदीपुर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर घनश्याम कुमार, जगदीशपुर थाना अध्यक्ष अभय कुमार, बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और अर्धसैनिक बल मौजूद थे। पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च निकालते हुए जिच्छो-बिशनपुर होते हुए बाईपास क्षेत्र में पहुंचकर ढाबा और अन्य दुकानों पर जमावड़ा कर बैठे युवकों की जांच की।
डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए यह फ्लैग मार्च और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी और अभियान का मुख्य उद्देश्य विधि व्यवस्था बनाए रखना है।
पिछले दस दिनों के दौरान लोदीपुर बाईपास इलाके में दिनदहाड़े छिनतई और अन्य अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई थी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि पुलिस की गश्त नियमित रूप से नहीं होती थी, जिससे अपराधी आसानी से फरार हो जाते थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत और नगर पुलिस अधीक्षक शुभांकर मिश्रा के निर्देश पर बाईपास और आसपास के इलाके में गश्त तेज कर दी गई है। अब संदिग्ध लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है और दुकान-ढाबों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक एक दर्जन से अधिक बार अलग-अलग थाना और डायल 112 टीम ने इलाके में गश्त की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता से राहत की सांस ली है।
सुनसान सड़कों और गलियों में अब पुलिस की उपस्थिति बढ़ने से अपराधियों के लिए आम लोगों को निशाना बनाना मुश्किल हो गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि लोकल इलाके में अपराध पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जाए और चुनाव के समय कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए।


