
डिजिटल इंडिया पहल को आगे बढ़ाते हुए और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (डाटाबेस), श्री कार्तिक सिंह ने आज मालदा टाउन स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘UTS ऑन मोबाइल’ ऐप, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और रेलवन ऐप के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की।
रेलवन ऐप बना यात्रियों का डिजिटल सहयात्री
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लाभों से अवगत कराया और उन्हें UTS ऐप एवं RailOne ऐप का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। रेलवन ऐप यात्रियों को आर-वॉलेट के माध्यम से निर्बाध टिकट बुकिंग, UTS टिकट पर 3% छूट, लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, ई-कैटरिंग, कुली बुकिंग, लास्ट-माइल टैक्सी सेवा और शिकायत निवारण सुविधा जैसी आधुनिक सेवाएं प्रदान करता है।
यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर प्रतीक्षालयों, रिटायरिंग रूम तथा अन्य यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई और संबंधित अधिकारियों को बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पूर्व रेलवे मालदा मंडल द्वारा यह पहल यात्रा अनुभव को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


