1 फरवरी तक चलेगा प्रशिक्षण, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर रहेगा फोकस
भागलपुर। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) भागलपुर में नए फैकल्टी सदस्यों के लिए इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्घाटन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह 30 जनवरी 2026 को संस्थान के बोर्ड रूम में सुबह 10 बजे से आयोजित हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नए शिक्षकों की शैक्षणिक, व्यावसायिक और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें आधुनिक शिक्षण–अधिगम पद्धतियों, अकादमिक गवर्नेंस और आउटकम आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 1 फरवरी 2026 तक चलेगा।
डायरेक्टर ने बताए शिक्षा के नए आयाम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए IIIT भागलपुर के निदेशक प्रो. मधुसूदन सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा में प्रभावी शिक्षण–अधिगम प्रक्रिया और आउटकम आधारित लर्निंग आज की आवश्यकता है। उन्होंने NITTTR के विशेषज्ञों का आभार जताया, जो इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से फैकल्टी को मार्गदर्शन दे रहे हैं।
उन्होंने संसाधन व्यक्तियों प्रो. एस. के. नस्कर और डॉ. सागरिका पाल का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने अपने अनुभव और ज्ञान से शिक्षकों को लाभान्वित किया।
निरंतर प्रोफेशनल डेवलपमेंट पर जोर
NITTTR के विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की संरचना और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि तेजी से बदलते अकादमिक माहौल में फैकल्टी का निरंतर प्रोफेशनल डेवलपमेंट बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जो एसोसिएट डीन (एकेडमिक अफेयर्स) डॉ. हिमाद्रि नायक ने दिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. संजय कुमार और डॉ. हिमाद्रि नायक कर रहे हैं।


