
पटना, 26 अगस्त।सहकारिता मंत्री डॉ॰ प्रेम कुमार ने मंगलवार को दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान, शास्त्री नगर, पटना में ‘‘किसान सहकारी चौपाल’’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए LED युक्त प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को सहकारिता विभाग की योजनाओं से अवगत कराया गया।
5 सितम्बर को सभी जिलों में होगा आयोजन
सहकारिता विभाग ने घोषणा की है कि आगामी 5 सितम्बर 2025 को उत्तर बिहार के सभी जिलों में किसान सहकारी चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
इन चौपालों में चयनित पैक्स/व्यापार मंडलों के साथ-साथ किसान, पैक्स प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भाग लेंगे।
योजनाओं की जानकारी किसानों तक
इन चौपालों के माध्यम से किसानों को सहकारिता विभाग की योजनाओं जैसे –
- खाद्यान्न अधिप्राप्ति
- फसल सहायता योजना
- कॉमन सर्विस सेंटर
- पैक्स कम्प्यूटराइजेशन
- भंडारण सुविधा
- प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति
- दुग्ध, बुनकर, मत्स्यजीवी एवं मधुमक्खी समितियाँ
आदि की जानकारी दी जाएगी।
पैक्स को मिलेगा प्रोत्साहन
डॉ॰ प्रेम कुमार ने कहा कि सहकारिता की मजबूती ही किसानों की प्रगति का आधार है। राज्य सरकार अब मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना 2025-26 के तहत अच्छा काम करने वाले पैक्सों को पुरस्कृत करेगी।
प्रत्येक जिले से तीन पैक्स और राज्य स्तर पर तीन पैक्स का चयन कर सम्मानित किया जाएगा।
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सचिव श्री धर्मेन्द्र सिंह, निबंधक श्री अंशुल अग्रवाल, अपर सचिव श्री अभय कुमार सिंह, अपर निबंधक श्री प्रभात कुमार और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
इसके अलावा दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान के निदेशक डॉ॰ के॰पी॰ रंजन और पटना जिले के सभी पैक्स अध्यक्ष शामिल हुए। राज्य के अन्य जिलों के पैक्स अध्यक्ष व अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।


