शेखपुरा में साइड नहीं देने पर थानाध्यक्ष ने टेंपो चालक की की पिटाई, एसपी ने किया निलंबित

शेखपुरा: जिले के मेंहुस थाना क्षेत्र में एक टेंपो चालक के साथ थानाध्यक्ष द्वारा की गई कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइड नहीं देने से नाराज़ थानाध्यक्ष प्रवीण चंद्र दिवाकर ने चालक को थाने लाकर बेरहमी से पीटा और उससे जबरन माफी मंगवाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी बलिराम चौधरी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।

पीड़ित का आरोप: थूक चटवाकर माफी मंगवाई

टेंपो चालक ने बताया कि बुलेट पर सवार थानाध्यक्ष को रास्ता न देने पर उसे रोका गया और थाने लाकर पीटा गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने उससे थूक चटवाकर माफी मंगवाई। इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

एसपी ने की त्वरित कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक बलिराम चौधरी ने मामले की प्राथमिक जांच के बाद थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मारपीट की बात सही पाई गई है। जबकि थूक चटवाने और अन्य गंभीर आरोपों की अलग से जांच कराई जा रही है।

“मारपीट की घटना जांच में सत्य पाई गई है। शेष आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जा रही है।”
— बलिराम चौधरी, एसपी, शेखपुरा

थानाध्यक्ष का बचाव में दावा

निलंबित थानाध्यक्ष प्रवीण चंद्र दिवाकर ने अपने बचाव में कहा कि टेंपो चालक ने गश्त कर रही एक महिला सिपाही को देखकर सीटी मारी थी, जिसके बाद उसे थाने लाकर कार्रवाई की गई। हालांकि इस दावे की पुष्टि अब तक किसी स्वतंत्र स्रोत से नहीं हो सकी है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *