पटना में 80 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त.. डाक पार्सल और तेज पत्तों के बीच छिपाई थी खेप, 6 तस्कर गिरफ्तार

पटना। मालसलामी थाना पुलिस ने कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी कर रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो अलग-अलग जगहों पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 289 कार्टन (करीब 4,485 लीटर) सिरप जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

कैसे पकड़ी गई खेप?

पुलिस ने छोटी नगला और दीदारगंज चेकपोस्ट के पास छापेमारी की।

  • जब्त 6 वाहनों में से 3 पर “डाक पार्सल” लिखा था।
  • एक टाटा 407 में तेज पत्तों की बोरियों के बीच सिरप छिपाया गया था।
  • बाकी वाहनों में कार्टन इस तरह पैक थे कि ऊपर से सामान्य माल लगे।

कटिहार, पटना और पटना सिटी में होनी थी सप्लाई

डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार के अनुसार, यह खेप हिमाचल प्रदेश से लाई गई थी और इसे कटिहार, पटना और पटना सिटी में सप्लाई किया जाना था। गिरोह का मुख्य सरगना कदमकुआं (काजीपुर नया टोला) निवासी सूर्यप्रकाश उर्फ गन्नी है, जिसने पटना के लिए करीब 100 कार्टन मंगाए थे।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सूर्यप्रकाश उर्फ गन्नी (34), कदमकुआं, पटना
  2. मुकेश कुमार (35), राघोपुर/मोहनपुर, वैशाली
  3. गुड्डू कुमार (27), मोहनपुर, वैशाली
  4. मोहम्मद रहीम (26), रोहतारा/चूरबी घाट, कटिहार
  5. मोहम्मद सगीर (24), चूरबी घाट, कटिहार
  6. मिथिलेश कुमार (29), भटहारा, सहरसा

पुलिस के मुताबिक, मुकेश का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। पहली गिरफ्तारी छोटी नगला में हुई, पूछताछ के बाद दूसरी टीम ने दीदारगंज चेकपोस्ट पर बाकी आरोपियों को दबोचा।

बंगाल कनेक्शन की भी जांच

डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। बंगाल से नेटवर्क जुड़े होने की आशंका पर भी जांच चल रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक (पटना पूर्वी) की निगरानी में पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन को ट्रैक कर आगे और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

  • Related Posts