गोपालगंज। बिहार के बरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बतरदेह के टोला कटहरी बारी से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा और सनसनी का विषय बन गई है।
पंजाब से लौटे थे पति, आपत्तिजनक हालत में देख पत्नी को
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय ध्रुव कुमार, जो पंजाब में मजदूरी करता था, चार दिन पहले ही घर लौटा था। घर लौटने के बाद उसने अपनी पत्नी किरण देवी को अपने 25 वर्षीय चचेरे भाई विकेश कुमार के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद ध्रुव और किरण के बीच जमकर कहासुनी हुई।
बताया जा रहा है कि अवैध संबंध का भंडाफोड़ होने के बाद, पत्नी किरण और उसके प्रेमी (देवर) विकेश ने मिलकर ध्रुव की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत उन्होंने रात में ध्रुव के सो जाने के बाद उस पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाया हत्याकांड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने महज 6 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना सामाजिक मर्यादाओं को झकझोर देने वाली है और इस तरह की घटनाएं रिश्तों में विश्वास को तोड़ती हैं।


