गया में इंसान–जानवर के प्यार की मिसाल, एक हफ्ते से लापता ‘ब्रूनो’ का इंतजार कर रहा परिवार

प्यार की कोई तय परिभाषा नहीं होती। वह इंसान से हो या किसी जानवर से, समय आने पर उसके लिए सब कुछ करने की ताकत देता है। ऐसा ही एक भावुक मामला बिहार के गया से सामने आया है, जहां एक परिवार बीते एक हफ्ते से अपने पालतू कुत्ते ब्रूनो के लौटने का इंतजार कर रहा है। घर में मातमी सन्नाटा पसरा है और हर सदस्य की नजर दरवाजे पर टिकी हुई है।

10 दिसंबर से लापता है ब्रूनो

जानकारी के अनुसार, गया शहर के शाहमीर तकिया पंजाबी धर्मशाला इलाके में रहने वाले उमेश प्रसाद का पांच साल पुराना पालतू डॉगी ब्रूनो 10 दिसंबर से लापता है। ब्रूनो के गायब होने के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। सड़क किनारे और शहर के कई इलाकों में उसकी तस्वीर वाले पोस्टर लगाए गए हैं।

परिवार के सदस्य जैसा था ब्रूनो

उमेश प्रसाद ने बताया कि लैब्राडोर नस्ल का ब्रूनो उनके घर का पालतू जानवर नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य बन चुका था। पिछले पांच वर्षों से वह घर के हर सुख-दुख का हिस्सा रहा है। उसके अचानक गायब हो जाने से घर का माहौल पूरी तरह बदल गया है।

ऑटो चालक पर ले जाने की आशंका

ब्रूनो की तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने उमेश प्रसाद को जानकारी दी कि किसी ने डॉगी को टोटो या ऑटो में बैठाकर जिला स्कूल की ओर ले जाते देखा है। इस सूचना के बाद उमेश प्रसाद खुद जिला स्कूल पहुंचे और आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन ब्रूनो का कोई सुराग नहीं मिला। वहां यह भी बताया गया कि एक ऑटो चालक डॉगी को ले गया था।

शहर में जगह-जगह पोस्टर, लोगों से अपील

ब्रूनो को ढूंढने के लिए शहर के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं। परिवार ने अपने जान-पहचान वालों और स्थानीय लोगों से मोबाइल के जरिए संपर्क कर किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करने की अपील की है।

इनाम की घोषणा

कई दिनों तक खोजबीन के बाद भी जब ब्रूनो घर नहीं लौटा, तो परिवार और अधिक टूट गया। उमेश प्रसाद ने भावुक होते हुए कहा कि ब्रूनो के लापता होने के बाद परिवार के सदस्य ठीक से खाना तक नहीं खा पा रहे हैं।

उन्होंने कहा,
“पिछले पांच सालों से ब्रूनो हमारे साथ था। वह सिर्फ पालतू जानवर नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य था। जो कोई भी हमारे ब्रूनो को सुरक्षित वापस लाएगा, उसे हम पांच हजार रुपये का इनाम देंगे।”

यह मामला एक बार फिर यह दिखाता है कि इंसान और जानवर के बीच का रिश्ता सिर्फ शब्दों में नहीं, बल्कि दिल से जुड़ा होता है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading