स्कूल से घर लौट रहे प्रभारी शिक्षक का अपहरण, रसोइया से मारपीट कर बदमाशों ने छोड़ा; इलाके में फैली दहशत

जमुई के झाझा थाना क्षेत्र की घटना, सड़क किनारे लावारिस मिली शिक्षक की बाइक; पुलिस जांच में जुटी

जमुई। बिहार के जमुई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्कूल से घर लौट रहे एक प्रभारी शिक्षक का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने शिक्षक के साथ मौजूद स्कूल की रसोइया को भी जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर उसे मारपीट कर छोड़ दिया और शिक्षक को अपने साथ ले गए।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना झाझा थाना क्षेत्र के मानिकथान बखौरी–भदवरिया मुख्य सड़क की है। अपहृत शिक्षक की पहचान बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंडरिया के प्रभारी शिक्षक कालेश्वर दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार को वह रोज की तरह स्कूल से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और जबरन अपने साथ ले गए।

घटना के दौरान अपराधियों ने स्कूल की रसोइया रेणु देवी को भी पकड़ लिया और अपने साथ ले जाने लगे। हालांकि कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे सड़क किनारे छोड़ दिया, जबकि शिक्षक को अपने साथ ले जाकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से शिक्षक की बाइक सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई है, जिससे अपहरण की आशंका और मजबूत हो गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अपहृत शिक्षक कालेश्वर दास मूल रूप से झारखंड के देवघर में रहते हैं। वह रोजाना देवघर से ट्रेन के जरिए नरगंजो स्टेशन पहुंचते थे और वहां से बाइक से विद्यालय आना-जाना करते थे।

झाझा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

घटना के बाद से शिक्षक के परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द शिक्षक को सुरक्षित बरामद करने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

  • Related Posts

    बिहार में राजस्व कर्मियों की हड़ताल के बीच सरकार की नई व्यवस्था, जमीन से जुड़े काम नहीं होंगे प्रभावित

    Share Add as a preferred…

    Continue reading