
भागलपुर। शहर के चर्चित कारोबारी परिवार से जुड़ी एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के चुनिहारी टोला में शिवशक्ति स्वीट्स के मालिक निर्मल कुमार शर्मा के बेटे राजेश शर्मा (41 वर्ष) ने रविवार सुबह फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
भाई की मौत के बाद बढ़ गया था तनाव
परिजनों के अनुसार, राजेश बीते कुछ समय से मानसिक तनाव में था। दो महीने पहले ही उसके बड़े भाई श्याम सुंदर का असमय निधन हो गया था। इसके अलावा, पांच साल पहले उसका वैवाहिक जीवन भी टूट चुका था और पत्नी की दूसरी शादी हो गई थी। इन सब वजहों से वह अंदर से काफी टूट चुका था।
ऐसे हुआ हादसे का पता
शनिवार रात राजेश सामान्य रूप से बच्चों संग समय बिताकर अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो घरवालों ने नौकर को भेजा। काफी देर तक दरवाजा बंद रहने पर खिड़की से झांककर देखा गया, तो राजेश फंदे से लटकता नजर आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कारोबारी परिवार में मातम
राजेश शर्मा की आत्महत्या की खबर पूरे इलाके में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और करीबी चुनिहारी टोला स्थित उनके घर पर जुट गए। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोग दुख और संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
शहर में मशहूर है शिवशक्ति स्वीट्स
राजेश के पिता निर्मल कुमार शर्मा शहर के जाने-माने कारोबारी हैं। उनकी शिवशक्ति स्वीट्स की खलीफाबाग और वेरायटी चौक स्थित शाखाएं भागलपुर की लोकप्रिय मिठाई दुकानों में गिनी जाती हैं।


