
छपरा। भोजपुरी अभिनेता और छपरा विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने शनिवार को एनडीए नेताओं पर करारा हमला बोला। जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के ‘नचनिया’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “वो मेरे बड़े भाई हैं, उनके बयान पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं।”
“मैं रोजगार की बात कर रहा हूं, वे धर्म की बात कर रहे”
एनडीए नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के बयान पर पलटवार करते हुए खेसारी ने कहा कि वे एक गरीब परिवार से हैं और आर्थिक कारणों से ग्रेजुएशन नहीं कर सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए नेता मुद्दों से भटक रहे हैं।
खेसारी ने स्पष्ट कहा:
“मैं रोजगार की बात कर रहा हूं। वे धर्म की बात कर रहे हैं। मैं अभी भी ‘जय श्री राम’ कह रहा हूं, लेकिन वे धर्म के नाम पर वोट लेना चाहते हैं। धर्म ज़रूरी है, लेकिन शिक्षा और अस्पताल भी उतने ही ज़रूरी हैं।”
“कारखाने और कॉलेज बनाने की घोषणा कर दें, मैं राजनीति छोड़ दूंगा”
अपनी रैली में खेसारी लाल यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा:
“अगर एनडीए नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह घोषणा कर दें कि कल से यहां कारखाने का शिलान्यास होगा, बेहतर कॉलेज बनेंगे… तो मैं वादा करता हूं कि मैं कभी चुनाव नहीं लड़ूंगा, न शपथ लूंगा, न कोई प्रमाण पत्र लूंगा।”
खेसारी ने कहा कि जनता मुद्दों पर आधारित राजनीति चाहती है और वे रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के पक्ष में खड़े हैं।


