
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, इस साल का 70वां ट्रैप केस
पटना।बिहार राज्य आवास बोर्ड के उपराजस्व अधिकारी रितेश कुमार वर्मा को शुक्रवार को 30 हजार रुपये घूस लेते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने धर दबोचा। टीम ने आरोपित अफसर को बोर्ड के कार्यालय कक्ष से ही रंगेहाथ पकड़ा।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता अरुण कुमार सिंह ने निगरानी ब्यूरो से गुहार लगाई थी कि आवास बोर्ड का यह अधिकारी उनके भूखंड से जुड़े बकाया राशि की गणना और लीज डीड की अनुमति पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा है।
जांच में मामला सही पाए जाने पर डीएसपी पवन कुमार-1 के नेतृत्व में विशेष धावा दल बनाया गया। शुक्रवार को टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, निगरानी ने तत्काल उसे धर दबोचा।
पूछताछ के बाद न्यायालय में पेशी
गिरफ्तार अधिकारी से निगरानी टीम पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अब तक 86 एफआईआर, 70वां ट्रैप केस
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक 86 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें यह 70वां ट्रैप कांड है।
ब्यूरो का दावा है कि लगातार हो रही कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कस रहा है और लोगों को राहत मिल रही है।


