
सुपौल | बिहार के सुपौल जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के परसरमा पंचायत के वार्ड संख्या-08 स्थित तेलयारी टोला में गुरुवार शाम एक व्यक्ति ने अपनी 7 वर्षीय भतीजी की कुदाल से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया।
पिता के पीछे चल रही थी मासूम
मृत बच्ची की पहचान प्रीति कुमारी (7 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शंभु साह की पुत्री थी।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम शंभु साह खेत से परिवार के साथ घर लौट रहे थे। शंभु आगे चल रहे थे, जबकि उनके पीछे बेटी प्रीति, पत्नी मंजू देवी और बेटा आयुष आ रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में आरोपी राजू साह ने अचानक प्रीति पर कुदाल से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने लगातार कई वार किए, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि आरोपी राजू साह और मृतका के पिता शंभु साह चचेरे भाई हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की सूचना फैलते ही पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर के बाहर रखे सामान, ई-रिक्शा, चौकी और अन्य सामान में आग लगा दी। बाद में आरोपी के घर को भी आग के हवाले कर दिया।
स्थिति बिगड़ने पर आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
करीब 5 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार
बताया गया कि वारदात के बाद आरोपी अपने घर के एक कमरे में बंद हो गया था।
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा कारणों से आरोपी को पुलिस की वर्दी और हेलमेट पहनाकर भारी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया, ताकि भीड़ उस पर हमला न कर सके।
पुलिस पर पथराव
आरोपी को ले जाते समय कुछ आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन का पीछा किया और पथराव भी किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और आरोपी को सुरक्षित थाना ले गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
देर रात फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
फिलहाल पूरे गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


