प्रेम विवाह की खौफनाक सजा: बीएससी नर्सिंग के छात्र को ससुर ने दिनदहाड़े गोली मार दी, DMCH के सामने मचा बवाल

दरभंगा। डीएमसीएच परिसर मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात से दहल उठा, जब एक बीएससी नर्सिंग छात्र को उसके ही ससुर ने दिनदहाड़े गोली मार दी। छात्र की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और कुछ ही देर में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। प्रेम विवाह को लेकर खफा ससुर ने यह खौफनाक कदम उठाया। कॉलेज के सामने खून से लथपथ छात्र गिर पड़ा और घटनास्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।

DMCH परिसर बना रणक्षेत्र, सैकड़ों छात्रों का बवाल, इमरजेंसी ठप

घटना से आक्रोशित नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने DMCH की इमरजेंसी सेवा को ठप कर दिया। छात्रों ने इमरजेंसी वार्ड में घुसकर जबरन डॉक्टरों को बाहर निकाल दिया। दर्जनों छात्र परीक्षण कक्ष में घुसकर विरोध करने लगे। कई घंटे तक अस्पताल प्रशासन और पुलिस के हाथ-पैर फूलते रहे। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।


क्या है पूरी वारदात?

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान राहुल कुमार (पिपरा, सुपौल) के रूप में हुई है, जो DMCH स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज का सेकंड ईयर का छात्र था। राहुल ने कॉलेज में पढ़ने वाली फर्स्ट ईयर की छात्रा से प्रेम विवाह किया था। यह रिश्ता लड़की के परिवार को नागवार गुजरा।

मंगलवार को युवती के पिता प्रेम शंकर झा (निवासी – बनगांव, सहरसा) अचानक कॉलेज के सामने पहुंचे। जैसे ही राहुल नजर आया, प्रेम शंकर ने कमर से देसी कट्टा निकाला और सीधे राहुल के सीने की बाईं पसली में गोली मार दी। गोली लगते ही राहुल वहीं गिर पड़ा।

गोलियों की आवाज से मचा कोहराम, छात्रों ने दबोचा आरोपी ससुर

घटना के बाद जब प्रेम शंकर झा भागने लगा, तो कॉलेज के छात्रों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। आरोपी बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसे फिर उसी DMCH में भर्ती कराया गया जहां उसने अपने दामाद की हत्या की।

पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। राहुल को आनन-फानन में इलाज के लिए DMCH ले जाया गया, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गया।


छात्रों का फूटा गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

राहुल की मौत की खबर फैलते ही कॉलेज के छात्रों में उबाल आ गया। सैकड़ों की संख्या में छात्र DMCH की इमरजेंसी पहुंच गए और “हत्यारे को फांसी दो”, “कॉलेज की सुरक्षा कहां है?” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा। पुलिस की तैनाती के बावजूद छात्र मुख्य गेट नहीं खोलने पर अड़े रहे।

पुलिस ने जब समझाने की कोशिश की तो छात्र और अधिक उग्र हो गए। मरीजों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को हटाया गया।


एसएसपी का बयान: कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं, कार्रवाई तय

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने पुष्टि करते हुए कहा:

“बीएससी नर्सिंग कॉलेज के छात्र राहुल कुमार की हत्या उसके ससुर ने गोली मारकर की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”


प्रशासन पर सवाल, कॉलेज की सुरक्षा लचर

इस घटना ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि कोई व्यक्ति कैसे हथियार लेकर परिसर तक पहुंच गया? राहुल की हत्या ने शिक्षा परिसर को एक बार फिर ‘जघन्य अपराध स्थल’ में बदल दिया।

राहुल का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने प्रेम विवाह किया था। यह घटना प्यार के खिलाफ घृणा और पितृसत्ता की क्रूर सोच का भयावह नमूना है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितना गंभीरता से लेता है और क्या आरोपी को फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा दिलाई जाएगी या यह भी एक और ‘फाइल केस’ बनकर रह जाएगा?


 

  • Related Posts

    बिहार में भूमि विवाद खत्म करने की बड़ी पहल, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तय की डेडलाइन; दिसंबर 2027 तक पूरा होगा विशेष भूमि सर्वेक्षण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार में पौधारोपण का नया रिकॉर्ड, एक साल में 40.68 लाख पौधे लगाए गए; हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि

    Share Add as a preferred…

    Continue reading