
भागलपुर/मुंगेर। सावन माह में बोल बम यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में पूर्णिया जिले के गोपाल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। वह बोल बम यात्रा के तहत जल लेकर बाबा धाम जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर सवार राज किशोर कुमार मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। लोगों ने तुरंत दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और पुलिस को सूचित किया। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्थानीय प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। इस दुखद हादसे ने सावन में श्रद्धा के साथ निकले कांवड़ियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


