पटना:कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से मंगलवार को बिहार म्यूजियम में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत प्रथम पेंशन राशि वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसी कार्यक्रम में 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। समारोह में कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वरिष्ठ कलाकारों को पेंशन राशि का वितरण
कार्यक्रम के दौरान पटना जिले के 18 वरिष्ठ कलाकारों को प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से पेंशन राशि प्रदान की गई। वहीं राज्य के अन्य जिलों से चयनित कलाकारों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई। प्रथम चरण में चयनित कलाकारों को इस योजना का लाभ दिया गया।
पहली बार कलाकारों के लिए समर्पित सामाजिक सुरक्षा योजना
मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत 50 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे कलाकार, जिन्होंने कला के क्षेत्र में न्यूनतम 10 वर्षों का योगदान दिया है, उन्हें 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। यह योजना राज्य में पहली बार कलाकारों के लिए समर्पित सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था के रूप में लागू की गई है।
कला की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि यह योजना कलाकारों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उनकी कला को संरक्षित करने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायक होगी। उन्होंने कलाकारों से अपील की कि वे अपनी कला को केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि उसे युवाओं और नई पीढ़ी तक जरूर पहुंचाएं, ताकि कला की परंपरा जीवित रह सके।
कलाकारों के सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम
बिहार संग्रहालय के महानिदेशक ने इस पहल को कलाकारों के सम्मान और संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कलाकारों की साधना और वर्षों के योगदान को पहचान देना सराहनीय है और इससे कला जगत को नई ऊर्जा मिलेगी।
पहले किसी पेंशन योजना से नहीं थे आच्छादित कलाकार
विभाग के सचिव ने कहा कि आज से पहले ये कलाकार किसी भी पेंशन योजना के अंतर्गत नहीं आते थे। सरकार ने यह निर्णय लिया कि जिन वरिष्ठ कलाकारों ने अपना जीवन कला को समर्पित किया है, उन्हें आर्थिक संबल दिया जाए। उन्होंने कलाकारों से आग्रह किया कि जो लोग अभी इस योजना की जानकारी नहीं रखते हैं, उन्हें इसके बारे में अवश्य बताया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र कलाकार इसका लाभ ले सकें।
राज्यभर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े कलाकार
कार्यक्रम में पटना, सारण, जहानाबाद, बांका, किशनगंज, खगड़िया, अररिया, भोजपुर और पूर्णिया सहित कई जिलों के अधिकारी और कलाकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
राष्ट्रीय युवा उत्सव के प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान
इस अवसर पर 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में बिहार का नाम रोशन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। चित्रकला, नवाचार, लोक सांस्कृतिक गायन और भाषण जैसी विधाओं में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन युवाओं ने राज्य की प्रतिभा का गौरव बढ़ाया।
डायरी का विमोचन और संचालन
कार्यक्रम के दौरान विभागीय डायरी का विमोचन भी किया गया। समारोह का संचालन और उदघोषणा सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी ने किया।
अन्य वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संग्रहालय निदेशालय एवं सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी, संयुक्त सचिव, आंतरिक वित्तीय सलाहकार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


