पटना: नव वर्ष के अवसर पर राज्य में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ और शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थानों पर CCTV से होगी कड़ी निगरानी
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी डीएम और एसपी को निर्देश दिया कि वर्ष के अंतिम दिन और नव वर्ष के मौके पर भीड़-भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा,
“सभी चिन्हित एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और पहले से लगे कैमरों की नियमित रूप से जांच की जाए। पार्कों और पिकनिक स्पॉट्स के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।”
अस्पतालों के निरीक्षण और अलाव की व्यवस्था के निर्देश
शीतलहर और बढ़ती ठंड को देखते हुए मुख्य सचिव ने जरूरतमंदों के लिए अलाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों के निरीक्षण का आदेश देते हुए कहा कि मरीजों के लिए कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और चिकित्सा कर्मी समय पर उपस्थित रहें।
शराब-ड्रग्स पर सख्ती, बाइकर्स गैंग्स पर नजर
बैठक में डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि नव वर्ष के दौरान शराब और नशीले पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए पुलिस को पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने कहा,
“जहां भी शराब या ड्रग्स से संबंधित सूचना मिले, वहां नियमित छापेमारी की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। इस दौरान बाइकर्स गैंग्स सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए उन पर विशेष नजर रखी जाए।”
तीर्थ स्थलों और सीमावर्ती इलाकों में विशेष व्यवस्था
डीजीपी ने तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही वरीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों की ब्रीफिंग और डी-ब्रीफिंग सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा ब्लॉक, जिला, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में नशा मुक्ति अभियान चलाने, सीमावर्ती इलाकों में ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
इस बैठक में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज दराद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


