भागलपुर में तेज रफ्तार का कहर: मेला देखकर लौट रहे दो किशोरों की मौत, एक गंभीर घायल

भागलपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रसूलपुर थाना क्षेत्र में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान सचिन कुमार (16 वर्ष), पिता सुभाष मंडल, निवासी एकचारी (थाना रसूलपुर, भागलपुर) और अभिषेक कुमार (15 वर्ष), निवासी कटोरिया (जिला बांका) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने ननिहाल में मेला देखने आया हुआ था और इसी दौरान यह हादसा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन कुमार पहले अपनी बहन के साथ मेला देखने गया था और उसे सुरक्षित घर पहुंचाने के बाद अपने दोस्तों के साथ दोबारा मेला घूमने निकल पड़ा। इसी दौरान देर रात फोरलेन सड़क के पास एक तेज रफ्तार वाहन को देखकर बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सचिन और अभिषेक ने दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक सचिन के पिता सुभाष मंडल और अभिषेक के परिजनों ने बताया कि उन्हें इस तरह की घटना की कल्पना भी नहीं थी।

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर केस: जांच आयोग के सामने फूट पड़ा मां का दर्द, STF को देखकर बोलीं- “मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी हो”

    Share Add as a preferred…

    बिहार में AI क्रांति की तैयारी! गूगल, माइक्रोसॉफ्ट समेत 4 बड़ी कंपनियों के साथ होगा समझौता, कैबिनेट से मिली मंजूरी

    Share Add as a preferred…