जन जागरूकता, निगरानी और संसाधनों की समीक्षा पर जोर
पटना, 26 मई 2025 | बिहार सरकार ने कोविड-19 के नए सब-वेरिएंट्स को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सभागार, विकास भवन, पटना में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने की।
बैठक में प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण की वर्तमान स्थिति, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, जांच व्यवस्था, दवाओं व ऑक्सीजन की स्थिति और आपूर्ति श्रृंखला की समीक्षा की गई।
“नये वेरिएंट से घबराएं नहीं, रहें सतर्क”: अपर मुख्य सचिव
अपर मुख्य सचिव ने जनता से अपील की कि वे कोरोना के नए सब-वेरिएंट NB.1.8.1 और LF.7 से घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क और जागरूक रहें। आईएनएसएसीओजी की रिपोर्ट के अनुसार भारत में ये दोनों वेरिएंट सामने आए हैं, जिन्हें WHO ने केवल “निगरानी में रखे गए वेरिएंट” (Variants Under Monitoring) की श्रेणी में रखा है।
जिला अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान सभी सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षकों को निर्देश दिए गए कि:
- संदिग्ध मामलों की पहचान तेजी से की जाए
- सक्रिय निगरानी और समय पर जांच सुनिश्चित की जाए
- प्रत्येक जिला किसी भी आपात स्थिति से निपटने को पूरी तरह तैयार रहे
स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी जिलों को पर्याप्त मात्रा में जांच किट, मास्क, आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन और अन्य जरूरी उपकरणों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
अपर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य प्रणाली में पारदर्शिता, प्रभावी समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने जन-जागरूकता अभियान को तेज करने और नियमित निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
बैठक में शामिल रहे ये अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित थे:
- स्वास्थ्य विभाग के सचिव: श्री मनोज कुमार सिंह
- बीएमएसआईसीएल के एमडी: श्री धर्मेंद्र कुमार
- संयुक्त सचिव: डॉ. अनुपमा सिंह
इसके अलावा राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जन, सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य एवं अधीक्षक, एम्स, आईजीआईएमएस, आरएमआरआई, ईएसआईसी और बिहटा मेडिकल संस्थानों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


